Breaking News

सिंहपुर घटना पर मुख्यमंत्री नाराज पीड़ित परिवार को मिलेगा 10 लाख मुआवजा, एसपी रियाज को हटाया

सिंहपुर घटना पर मुख्यमंत्री नाराज 

पीड़ित परिवार को मिलेगा 10 लाख मुआवजा, एसपी रियाज को हटाया

भोपाल - सतना जिले के सिंहपुर थाने के भीतर चोरी के संदेही राजपति कुशवाहा की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नाराजगी जताई है। उन्होंने पीड़ित परिवार को दस लाख रुपये मुआवजा देने और एसपी रियाज इकबाल को हटाने का आदेश दिया है। साथ ही घटना की न्यायिक जांच की बात भी सीएम शिवराज ने कही है।
घटना के बाद यहाँ अभी तनाव बना हुआ है। हालात को देखते हुए जबलपुर से एसटीएफ बुलाई गई है। उधर घटना के बाद यहाँ जिले भर के विधायक और राजनेता पहुंचे हैं। सिंहपुर गोलीकांड मामले पर मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी ने कहा सिंहपुर में थाना प्रभारी द्वारा पूछताछ के लिए लाए राजपति कुशवाहा की गोली मारकर हत्या की बात सामने आई है, इस घटना की निंदा करता हूं। उन्होंने घटना का जिम्मेदार सतना एसपी रियाज इकबाल को बताया है। साथ ही मैहर विधायक ने सतना एसपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इनके कार्यकाल में लव जिहाद और सिंहपुर थाने में हुई हत्या जैसे मामले हो रहे हैं।
सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने आरोपियों के विरुद्ध 302 का प्रकरण कायम किया जाने, प्रशासन और शासन से पीड़ित परिवार के पालन पोषण की पूरी व्यवस्था शासन और प्रशासन सुनिश्चित करने की मांग की। भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष नरेन्द्र त्रिपाठी भी  सिंहपुर पहुंचे और हालातों का जायजा लिया। पूर्व विधायक ऊषा चौधरी भी विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा के समर्थन में पहुँची, वह भी धरने में बैठ गई। सिंहपुर में हुई घटना को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिलीप मिश्रा व पूर्व विधायक यादवेंद्र सिंह पहुंचे। दोनों ने यहाँ मौजूद एसपी रियाज इकबाल और कलेक्टर अजय कटेसरिया से घटना के संबंध में कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्यवाही के लिए कहा।

कोई टिप्पणी नहीं