Breaking News

देसी गाय पालने वालों को 900 रुपये महीना मिलेगा अनुदान : CM

देसी गाय पालने वालों को 900 रुपये महीना मिलेगा अनुदान : CM

हर ब्लॉक में नियुक्त होंगे 5 पूर्णकालिक वर्कर

लोकमतचक्र.कॉम।
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्राकृतिक खेती के लिए देसी गाय आवश्यक है। किसानों को देसी गाय रखने के लिए ₹ 900 प्रति माह अनुदान के रूप में उपलब्ध कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रारंभिक रूप में प्रदेश के 5200 गांवों में जून तक प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा। हर ब्लॉक में हम 5 पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की नियुक्ति करेंगे। यह कार्यकर्ता वह पूरे ब्लॉक में प्राकृतिक खेती की ट्रेनिंग देकर किसानों को प्रेरित करने का काम करेंगे और जो किसान प्राकृतिक खेती करेंगे उन्हें गाइड करने का भी काम करेंगे। उन्होंने कहा कि रासायनिक खेती के लिए सरकार सब्सिडी प्रदान करती है, तो प्राकृतिक खेती के लिए भी सब्सिडी प्रदान की जायेगी, ताकि किसान इसे प्रारंभ कर सकें।


आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला को गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने संबोधित किया। कार्यशाला का प्रथम सत्र नीति आयोग के उपाध्यक्ष डॉ रवि कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। राज्यों में प्राकृतिक खेती पर आयोजित प्रथम तकनीकी सत्र में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने वर्चुअली अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि नर्मदा नदी के दोनों तटों पर प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा। अब तक प्रदेश के 1लाख 65 हजार किसानों ने प्राकृतिक खेती  अपनाने में रुचि दिखाई है। प्राकृतिक खेती पर प्रदेश में वातावरण निर्माण के लिए कार्यशाला का क्रम आरंभ होगा।

उन्होंने नव अन्वेषी खेती की कार्यशाला में कहा कि 17 लाख हेक्टेयर में अभी भी हमारे यहां जैविक खेती हो रही है। हमारे जनजातीय भाई-बहन आज भी गोबर की खाद का उपयोग करते हैं, रासायनिक खाद का उपयोग इन क्षेत्रों में नहीं होता है। स्वाभाविक रूप से मध्यप्रदेश के कई क्षेत्रों में किसान प्राकृतिक खेती करते हैं। मैंने स्वयं भी अपने खेत के कुछ हिस्से में प्राकृतिक खेती करना प्रारंभ किया है। प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं