Hot Posts

6/recent/ticker-posts

गौहत्या के आरोपी को टिमरनी पुलिस ने दबोचा : रस्सी और तार के फंदे से सांड की बेरहमी से हत्या, फरार आरोपी गिरफ्तार

हरदा। जिले के टिमरनी तहसील के ग्राम छिदगांव मेल में गौवंश की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव में खुले घूम रहे एक सांड को आरोपी केवलराम गौंड ने रस्सी और तार के फंदे से गला कसकर बेरहमी से मार डाला। घटना के दौरान ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक सांड की मौत हो चुकी थी। घटना से गांव में भारी आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही टिमरनी पुलिस सक्रिय हुई और फरार आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 19 मई 2026 को फरियादी अनुज राजपूत पिता कुवरसिंह राजपूत निवासी ग्राम छिदगांव मेल ने थाना टिमरनी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि गांव के लोगों और पंडा कहार द्वारा गांव में एक काले-सफेद रंग के सांड को गौवंश की सेवा के लिए खुला छोड़ा गया था, जिसकी ग्रामीण समय-समय पर देखभाल और भोजन भी करते थे।

फरियादी ने बताया कि दोपहर करीब 11:45 बजे गांव के रविन्द्र बघेला का फोन आया, जिन्होंने सूचना दी कि आरोपी केवलराम गौंड अपने घर के पीछे सांड को फंदे से मार रहा है। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पूरी घटना देखी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना टिमरनी में अपराध क्रमांक 283/26 धारा 325 बीएनएस, 4 म.प्र. गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम एवं 11(1)(I) पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल ग्राम छिदगांव मेल पहुंची। जांच में सामने आया कि सांड की मौत दम घुटने से हुई है। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था, जिसकी तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं।

थाना प्रभारी मुकेश गौड के नेतृत्व में पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में सतीश मौर्य, उदयसिंह, राहुल वर्मा एवं अर्जुन लोवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About