हरदा। जिला मुख्यालय पर बुधवार को नगर पालिका द्वारा विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका की टीम के साथ राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन का अमला भी मौजूद रहा। अभियान के तहत नई सब्जी मंडी और विवेकानंद परिसर के आसपास सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और आमजन को राहत देने का प्रयास किया। हालांकि शहरवासियों का मानना है कि केवल एक-दो दिन की कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। नागरिकों ने मांग की है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरे शहर में नियमित रूप से की जाए। गौरतलब है कि कल कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने बैठक में इस संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया था।
शहर के कई नागरिकों ने बताया कि फरहत सराय से रेलवे स्टेशन मार्ग, गुर्जर बोर्डिंग क्षेत्र, हवेली होटल रोड और कुलहरदा सहित कई इलाकों में अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। सड़कों और गलियों पर दुकानें, ठेले एवं अन्य अस्थायी कब्जों के कारण यातायात प्रभावित होता है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दुकानदार अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैला देते हैं, जिससे सड़कें संकरी हो जाती हैं। खासकर फल एवं सब्जी विक्रेताओं द्वारा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को लेकर नागरिकों में नाराजगी दिखाई दी। लोगों का मानना है कि यदि नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और नियमित निगरानी हो तो स्थिति में सुधार संभव है।
नागरिकों ने यह भी कहा कि शहर में अतिक्रमण की समस्या इसलिए बढ़ती है क्योंकि एक व्यक्ति द्वारा किए गए अतिक्रमण का अन्य लोग भी अनुसरण करने लगते हैं। ऐसे में प्रशासन को केवल अभियान चलाने के बजाय प्रतिदिन निगरानी और कार्रवाई की व्यवस्था बनानी चाहिए।
कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कई स्थानों पर अतिक्रमण को राजनीतिक संरक्षण मिलने के कारण कार्रवाई लंबे समय तक प्रभावी नहीं रह पाती। अक्सर अभियान कुछ दिनों तक चलता है, लेकिन बाद में विरोध और दबाव के चलते स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है।
शहरवासियों का कहना है कि यदि हरदा को व्यवस्थित और सुगम यातायात वाला शहर बनाना है तो अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को निरंतर और निष्पक्ष रूप से चलाना होगा। फिलहाल नगर पालिका की इस कार्रवाई से लोगों में उम्मीद जगी है कि प्रशासन शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा।