हरदा। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के हरदा में प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष विजय जेवल्या ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को लेकर जिलेभर के कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
हरदा आगमन पर श्याम टेलर ने सर्वप्रथम मां नर्मदा की पूजा-अर्चना की तथा भगवान श्री रिद्धेश्वर के दर्शन कर प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात हंडिया, देवास, अबगांव एवं बीबी ऑटो मोबाइल्स सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
हरदा पहुंचने पर उन्होंने श्री खाटू श्याम दरबार में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा संत रविदास जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। खेड़ीपुरा एवं नार्मदीय धर्मशाला में भी उनका स्वागत किया गया। बाद में उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल एवं महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। घंटाघर पर तुलादान कर उनका अभिनंदन किया गया तथा नगर के विभिन्न स्थानों पर स्वागत समारोह आयोजित किए गए।
भव्य स्वागत के पश्चात भाजपा कार्यालय कमल कुंज में विशाल जिला स्तरीय युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में युवाओं को संबोधित करते हुए श्याम टेलर ने कहा कि मां नर्मदा के पावन आंचल में बसा हरदा कृषि प्रधान जिला है, जहां उन्नत किसान निवास करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा युवाओं के व्यक्तित्व विकास के साथ उन्हें समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करता है। युवा मोर्चा में विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभाशाली युवा कार्य कर रहे हैं और संगठन युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सिंह वर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यालय मंत्री अमन राय, प्रदेश मंत्री अंकित आर्य, आशीष झाला, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी रवि शर्मा, जिला महामंत्री बसंत सिंह राजपूत, जिला उपाध्यक्ष प्रहलाद पटेल, जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष संदीप पटेल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विजय जेवल्या, जिला महामंत्री धर्मेंद्र पाल एवं भूपेंद्र सिंह तोमर सहित राहुल पुनिया, दीपेश विश्नोई, अनय सराफ, नीरज लाठी, शशांक बादर, अंकित पुरोहित, बिलाल मलिक तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, जिला पदाधिकारियों एवं मंडल पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। इसके पश्चात "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विजय जेवल्या के निवास पर वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम का संचालन धर्मेंद्र पाल ने किया तथा आभार प्रदर्शन भूपेंद्र सिंह तोमर ने किया।

0 टिप्पणियाँ