टिमरनी (संदीप अग्रवाल)। मध्य प्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा ने एक बार फिर अपनी तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल ट्रक चालक की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई 2026 की रात लगभग 3:00 से 3:30 बजे के बीच टिमरनी डायल-112 को सूचना मिली कि टेमागांव के आगे जंगल क्षेत्र में एक ट्रक पलट गया है, जिसमें चालक गंभीर रूप से फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही डायल-112 में पदस्थ कार्यवाहक प्रधान आरक्षक बब्बर धुर्वे एवं वाहन चालक तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
घटनास्थल का सटीक स्थान नहीं मिलने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने हार नहीं मानी और लगातार तलाश करते हुए ग्राम ढेकना के फोरलेन स्थित जंगल में पहुंचे, जहां एक ट्रक पलटा हुआ मिला। ट्रक के केबिन में चालक बुरी तरह फंसा हुआ था।
पुलिस कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल डायल-112 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, टिमरनी पहुंचाया, जहां समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।
घायल चालक ने अपना नाम विक्रम राजश्री, निवासी केशोद, जिला जूनागढ़ (गुजरात) बताया। दुर्घटना का घटनास्थल ग्राम ढेकना, थाना सिवनी मालवा, जिला नर्मदापुरम (पूर्व होशंगाबाद) क्षेत्र में स्थित है। चालक का उपचार जारी है।
डायल-112 में पदस्थ कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा की क्षेत्रवासियों ने सराहना की है। उनकी तत्परता से एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को समय पर उपचार मिल सका और उसकी जान बचाई जा सकी।