खाटूश्याम मंदिर पहुंचकर भक्तों ने चढ़ाया ध्वज निशान, सुख-समृद्धि की कामना की
सोडलपुर। देवशयनी एकादशी के पावन अवसर पर सोडलपुर के श्याम भक्तों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ करीब 15 किलोमीटर लंबी ध्वज निशान वाहन रैली निकालकर खाटू श्याम बाबा के प्रति अपनी अटूट आस्था का परिचय दिया। रैली हरदा स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा को ध्वज निशान एवं प्रसाद अर्पित किया तथा प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
वाहन रैली का शुभारंभ गुरु कान्हा बाबा समाधि स्थल से हुआ। रैली कान्हा बाबा चौक, रहटगांव रोड, मनयाखेड़ी, भाटपारिया, डबल फाटक सहित विभिन्न मार्गों से होती हुई खंडवा बायपास स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में डीजे पर श्याम भजनों की मधुर स्वर लहरियां गूंजती रहीं, जिन पर श्रद्धालु भक्ति भाव से झूमते और जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से बाबा खाटू श्याम का पूजन-अर्चन कर ध्वज निशान चढ़ाया और प्रसाद वितरित किया। आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा। यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में टिमरनी एवं हरदा पुलिस का सराहनीय सहयोग रहा।
रैली में आशीष मालवीय, रफ्तार गहलोत, संतोष परिहार, नीरज राठौर, लोकेश सांखला, राधारमण पटेल, राजीव साबू, विनोद गहलोत, अमित सोलंकी, राहुल नहारे, ओम मालवीय, कान्हा नहारे, प्रीतम खोरे, आयुष जामनेरा सहित बड़ी संख्या में श्याम भक्त शामिल रहे।