विद्यालय के साइकिल प्रभारी शिक्षक प्रबल पवार ने बताया कि विद्यालय में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययन के लिए आते हैं। शासन की इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों का आवागमन सुगम बनाना, समय की बचत करना तथा उनकी थकान कम करना है, जिससे वे नियमित रूप से विद्यालय आकर बेहतर ढंग से अध्ययन कर सकें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य जे.पी. प्रजापति ने की। इस अवसर पर साइकिल प्रभारी प्रबल पवार, शिक्षिका प्रियंका पवार, शिक्षिका गुलाब हुईके, शिक्षक जी.पी. गौर सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
साइकिल प्राप्त करते ही विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। नई साइकिलों के साथ उनके मन में शिक्षा के प्रति नया उत्साह और उज्ज्वल भविष्य के सपने भी दिखाई दिए। उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने, शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा शासन की इस जनकल्याणकारी योजना का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।