प्रांताध्यक्ष फिरोज अली के इस्तीफे के बाद कार्यवाहक प्रांताध्यक्ष को सौंपा गया दायित्व
हरदा। मध्यप्रदेश राजस्व निरीक्षक संघ में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बदलाव हुआ है। संघ के प्रांताध्यक्ष फिरोज अली के नायब तहसीलदार पद पर पदोन्नत होने के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके साथ ही उन्होंने संघ का संपूर्ण प्रभार कार्यवाहक प्रांताध्यक्ष हेमंत गोस्वामी को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, फिरोज अली ने 28 जुलाई 2026 को जारी अपने त्यागपत्र में उल्लेख किया कि शासन द्वारा नायब तहसीलदार पद पर पदोन्नति मिलने के बाद वे प्रांताध्यक्ष पद का दायित्व छोड़ रहे हैं। उन्होंने सभी राजस्व निरीक्षक साथियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन की एकता बनाए रखने का आह्वान किया तथा शीघ्र ही मध्यप्रदेश राजस्व निरीक्षक संघ का विधिवत निर्वाचन कराकर नई कार्यकारिणी के गठन की बात कही।
कार्यवाहक प्रांताध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद हेमंत गोस्वामी ने कहा कि यह जिम्मेदारी संगठन के प्रत्येक राजस्व निरीक्षक साथी के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी साथियों के सहयोग से संगठन की एकजुटता, गरिमा एवं हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा। साथ ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत शीघ्र ही संगठन का निर्वाचन कराकर नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
प्रभार हस्तांतरण के दौरान संगठन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। अब प्रदेशभर के राजस्व निरीक्षकों की निगाहें संगठन की आगामी कार्ययोजना और नए निर्वाचन की प्रक्रिया पर टिकी हैं।