टिमरनी में 57 वर्षीय महिला की हत्या का खुलासा, आरोपी 60 वर्षीय व्यक्ति निकला; बिजली के तार से गला घोंटकर वारदात को दिया अंजाम
हरदा/टिमरनी। टिमरनी के ठाकुर बाबा मोहल्ले में 57 वर्षीय महिला की हत्या और जेवर लूटने के मामले का पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वार्ड क्रमांक 7 निवासी 60 वर्षीय मधुसूदन गौर को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का मृतका के साथ पुराना प्रेम प्रसंग था। महिला के कहीं और विवाह कर टिमरनी छोड़कर जाने की बात से आरोपी नाराज था। इसी नाराजगी में उसने महिला के घर पहुंचकर बिजली के तार से गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका के सोने के मोती और टॉप्स बरामद किए हैं। मामले की जांच में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे 50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध तक पहुंचने के बाद पुलिस ने पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया।
24 अगस्त को घर में मिली थी महिला की लाश
पुलिस के मुताबिक 24 अगस्त की सुबह वार्ड क्रमांक 13 निवासी अनुराग गौर को पड़ोसियों ने सूचना दी कि उनकी बड़ी बहन पुष्पा बाई की तबीयत खराब है और उनके शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही है। महिला वार्ड क्रमांक 7 के ठाकुर बाबा मोहल्ले के पास स्थित अपने पुराने मकान में अकेली रहती थीं। उनके पति और बेटे की पहले ही मौत हो चुकी थी।
अनुराग मौके पर पहुंचे तो पुष्पा बाई पलंग पर मृत अवस्था में मिलीं। उनके गले में हरे रंग का बिजली का तार कसा हुआ था। घर के दरवाजे खुले थे। महिला के गले में पहनी सोने के मोतियों की माला और कानों के कुंडल भी गायब थे। पलंग के पास सोने का एक मोती और दो मोबाइल फोन पड़े मिले थे।
हत्या के साथ लूट का भी मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या और लूट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शशांक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा और एसडीओपी आकांक्षा तलैया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश गौड़ और टीम ने जांच शुरू की।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी को भी जोड़ा गया। जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में सुराग मिला। इसके बाद वार्ड क्रमांक 7 निवासी मधुसूदन गौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में कबूली हत्या
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि मृतका के साथ उसका पुराना प्रेम प्रसंग था। महिला के दूसरी जगह विवाह करने और टिमरनी छोड़कर जाने से वह नाराज था। इसी रंजिश में उसने महिला के घर जाकर बिजली के तार से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद उसने महिला के सोने के आभूषण निकाल लिए और मौके से फरार हो गया।
आरोपी की निशानदेही पर जेवर बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका के लूटे गए सोने के मोती और टॉप्स बरामद कर लिए। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इनकी रही अहम भूमिका
मामले का खुलासा करने में एसडीओपी आकांक्षा तलैया, विवेचक एवं थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश गौड़, उप निरीक्षक मनोज दुबे, उप निरीक्षक संतोष श्रीवास्तव, उप निरीक्षक प्रियंका पाठक, सहायक उप निरीक्षक दिनेश सहित थाना पुलिस और साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।