बैठक को जिला इकाई के संरक्षक डॉ. आनंद झवर ने वीडियो संदेश के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जिला इकाई द्वारा हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ विभिन्न रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा। इन गतिविधियों से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।
प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य डॉ. एन.डी. गार्गव ने सुझाव दिया कि हरदा जिले में उत्कृष्ट सामाजिक कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं को जिला इकाई के माध्यम से सम्मानित किया जाना चाहिए। इससे सामाजिक कार्यों को प्रोत्साहन मिलेगा और अन्य लोग भी सामाजिक गतिविधियों के लिए प्रेरित होंगे।
ओम नारायण शुक्ला ने कहा कि समिति को सिविल सोसाइटी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर गतिविधियों का आयोजन करना चाहिए। इससे हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार के साथ सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ावा मिलेगा।
समिति के जिला अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस प्रकाश जांगरे ने बताया कि 12 सितंबर को जिला स्तर पर हिंदी संबंधी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके पूर्व जिले के विभिन्न विद्यालयों में विद्यालय स्तर की गतिविधियां एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
समिति के जिला संयोजक एवं साहित्यकार ज्ञानेश चौबे ने कहा कि हरदा जिला इकाई का विस्तार करते हुए आगामी समय में अपेक्षित एवं उपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित श्रीमती मीरा शर्मा ने विद्यालय स्तर पर संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
सुश्री अंजू भायरे ने बताया कि आगामी प्रतिभा प्रोत्साहन प्रतियोगिता में लगभग 20 विद्यालयों के विद्यार्थियों के भाग लेने की संभावना है। बैठक के दौरान हिंदी ओलंपियाड के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
बैठक में समाजसेवी डॉ. श्रीरंग मुजुमदार, रामशंकर मुकाती, प्रो. देवेंद्र शुक्ला, राजू अग्रवाल, प्रदीप अजमेरा, अनिल अग्रवाल, गोविंद सोनी सहित शहर के अन्य गणमान्य नागरिक एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य एवं मार्गदर्शक डॉ. एन.डी. गार्गव का जन्मदिन भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के अंत में रमन क्षेत्रीय संसाधन केंद्र, हरदा के समन्वयक श्री उमेश शर्मा ने सभी उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।