समारोह में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और उनकी विभिन्न लीलाओं पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियां दीं। कृष्ण जन्मोत्सव के सजीव मंचन के दौरान पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। राधा-कृष्ण के प्रेम और गोपियों संग रासलीला पर बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने अधर्म पर धर्म और सत्य की विजय का संदेश भी दिया।
इस दौरान बच्चों ने ‘यशोदा का नंदलाला’ और ‘वो कृष्णा है’ जैसे भजनों पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में मटकी फोड़ प्रतियोगिता हुई, जिसमें बच्चों ने उत्साह से भाग लिया।
प्रिंसिपल एल.एन. राजपूत ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ते हैं।