हरदा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को मगरधा रोड स्थित दयोदय गौशाला में मध्य प्रदेश गौ संवर्धन बोर्ड के निर्देशानुसार गौसेवा एवं धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दयोदय गौशाला समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सनातन धर्मानुरागियों, गौभक्तों तथा फ्रेंड्स फॉर एवर समूह की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान गौभक्तों एवं महिलाओं द्वारा विधिवत गौपूजन किया गया। गायों को औषधीय गुणों से युक्त लड्डू एवं सुदाना प्रदान किया गया। साथ ही राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर आयोजित इस कार्यक्रम से गौशाला परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
दयोदय गौशाला समिति के अध्यक्ष अनूप जैन ने बताया कि जन्माष्टमी के पावन अवसर पर गौसेवा और गौपूजन के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि गौसेवा हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और समाज को इसमें बढ़-चढ़कर सहभागिता करनी चाहिए।
कार्यक्रम में दयोदय गौशाला समिति के अध्यक्ष अनूप जैन, सचिव ज्ञानेश चौबे, प्रदीप अजमेरा, राजकुमार जैन, सोहन उन्हाले, राजीव जैन, अमित चार, नीरज लाठी सहित गौशाला प्रबंधन समिति के सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गौभक्तों ने गौसेवा एवं गौसंवर्धन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।