पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बाइक क्रमांक MP09-QN-2741 से MD ड्रग्स लेकर भैरोपुर से अबगांवकला की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर बाइक से भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पैंट की जेब से मिली MD ड्रग्स
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विक्रम पिता मोजीराम जाट (34), निवासी ग्राम अतरसमा, थाना सिविल लाइन बताया। तलाशी लेने पर उसकी पैंट की जेब में रखी पन्नी से 8.93 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 88 हजार रुपए बताई है।
इसके साथ ही पुलिस ने ड्रग्स की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार जब्त माल की कुल कीमत करीब 1.38 लाख रुपए है।
NDPS एक्ट में केस दर्ज
हंडिया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/22 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की आगे जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी MD ड्रग्स कहां से लेकर आया था और इसके कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।
पुलिस अधीक्षक शशांक के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा और हरदा एसडीओपी शालिनी परस्ते के मार्गदर्शन में हंडिया पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी है।