हरदा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को रहटगांव पहुंचे कलेक्टर कुमार सत्यम ने तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान तहसील कार्यालय का रिकॉर्ड रूम अव्यवस्थित मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए प्रभारी तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया।
कलेक्टर ने तहसील कार्यालय में राजस्व अभिलेखों के रखरखाव और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रिकॉर्ड रूम में अव्यवस्था मिलने पर उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व न्यायालय में आरसीएमएस पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा भी की। राजस्व मामलों के निराकरण की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर कलेक्टर ने एसडीएम को निर्देश दिए कि प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।
स्वामित्व रजिस्ट्री के काम में देरी बर्दाश्त नहीं
कलेक्टर कुमार सत्यम ने निरीक्षण के दौरान स्वामित्व रजिस्ट्री योजना के कार्यों की भी समीक्षा की। ग्राम धनपाड़ा में आयोजित स्वामित्व रजिस्ट्री शिविर पहुंचकर उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। बेंच पर बैठकर ग्रामीणों को स्वामित्व रजिस्ट्री के फायदे बताए और अधिकारियों को इस कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
अस्पताल में मरीजों से चर्चा, आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश
कलेक्टर ने रहटगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां कर्मचारियों की सार्थक एप पर उपस्थिति की जानकारी लेने के साथ मरीजों से उपचार संबंधी चर्चा की। उन्होंने रहटगांव निवासी नीलम वृंदावन की आभा आईडी अपने सामने बनवाई तथा पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड तैयार कराने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए। वन क्षेत्र होने के कारण उन्होंने अस्पताल में प्रसव सुविधा और डिलेवरी पॉइंट की स्थिति की भी जानकारी ली। पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती बच्चों के माता-पिता से चर्चा कर बच्चों के पोषण की स्थिति जानी।
आंगनवाड़ी में बच्चों के बीच जमीन पर बैठे कलेक्टर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर का सहज अंदाज भी देखने को मिला। आंगनवाड़ी केंद्र में वे बच्चों के साथ फर्श पर बैठ गए और उनसे कविताएं सुनीं। उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाया तथा उन्हें बिस्किट और फल वितरित किए। इस दौरान टीकाकरण, पोषण ट्रैकर में दर्ज जानकारी और कुपोषित बच्चों को सुपोषित बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा भी की।
कलेक्टर के इस दौरे में जहां बच्चों के बीच उनका सहज व्यवहार देखने को मिला, वहीं तहसील कार्यालय के रिकॉर्ड रूम की अव्यवस्था और राजस्व प्रकरणों के निराकरण में कमी पर सख्ती भी दिखाई दी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम टिमरनी असवनराम चिरामन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।