हरदा। शहर में मिडिल स्कूल के पास कार निकालने और सड़क पर रखे बैरिकेड्स हटाने की बात को लेकर हुए विवाद में दो युवकों पर चाकू से हमला करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए शहर के अलग-अलग चौराहों पर उनका जुलूस निकाला।
गौरतलब है कि 9 अक्टूबर को मिडिल स्कूल के पास बुधवार रात कार निकालने और सड़क पर रखे बैरिकेड्स हटाने की बात पर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि कार सवार युवकों ने पांच लोगों के साथ मारपीट की। इसी दौरान पलाश लोकवाणी और निखिल अस्थाना पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से एक को भोपाल और दूसरे को इंदौर रेफर किया गया था।
पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में जयंत उर्फ जस्सी पिता अजय बेस (18), निवासी लाल स्कूल के पास हरदा; साकेत पिता शेर सिंह मौर्य (19), निवासी संकल्प अपार्टमेंट हरदा; अनिकेत पिता अमित बेस (21), निवासी लाल स्कूल के पास हरदा तथा 17 वर्षीय एक नाबालिग शामिल है, जो नेहरू स्टेडियम, गली नंबर-2 हरदा का निवासी बताया गया है।
अलग-अलग चौराहों पर निकाला जुलूस
पुलिस ने चाकूबाजी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों को शहर के अलग-अलग चौराहों से जुलूस के रूप में निकाला। इस कार्रवाई को शहर में हुई गंभीर वारदात के बाद पुलिस की सख्ती के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।