हरदा के घंटाघर बाजार में ऑटो से उतरते ही घेराबंदी कर दिया वारदात को अंजाम, बेटी की शादी की खरीदारी करने आई थी पीड़िता
हरदा। धनतेरस की खरीदारी के लिए बाजार पहुंची एक महिला के बैग से पांच महिलाओं ने 10 हजार रुपए चोरी कर लिए। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के घंटाघर बाजार में सोमानी एम्पोरियम के पास की है। वारदात के बाद सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने पांचों महिलाओं को पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, शुभम वाटिका निवासी महिला अपनी बेटी के साथ शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे धनतेरस की खरीदारी करने बाजार पहुंची थीं। सोमानी एम्पोरियम के पास ऑटो से उतरते ही पांच अज्ञात महिलाएं उनके आसपास पहुंच गईं। भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं ने घेराबंदी की और मौका पाकर पीड़िता के बैग में रखे 10 हजार रुपए पार कर दिए।
बेटी की शादी की तैयारी के लिए आई थी बाजार
पीड़िता अपनी बेटी की आगामी 1 दिसंबर को होने वाली शादी की तैयारियों के लिए खरीदारी करने बाजार आई थीं। इसी दौरान उनके साथ चोरी की घटना हो गई। वारदात के बाद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें चोरी की घटना सामने आई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने पांचों महिलाओं को पकड़ लिया।
धनतेरस पर बाजार में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में भीड़भाड़ वाले इलाकों में चोरी की घटनाओं से बचने के लिए लोगों को अपने बैग, नकदी और कीमती सामान का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।