कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल सहायता राशि बैंक खाते में अंतरित करने की कार्यवाही
हरदा । जिले के हरदाखास निवासी अग्नि दुर्घटना से प्रभावित सुषमा चन्द्रवंशी को जिला प्रशासन द्वारा तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम के निर्देशानुसार तहसीलदार हरदा द्वारा 11,500 रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कर उनके बैंक खाते में तत्काल अंतरित करने की कार्यवाही की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुषमा चन्द्रवंशी पिता बालाराम के मकान में 9 नवंबर 2026 की रात्रि अज्ञात कारणों से आग लग गई थी। इस अग्नि दुर्घटना में उनके मकान को आंशिक क्षति पहुंचने के साथ ही कपड़े एवं बर्तन भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गए थे।
राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी 6-4) के संशोधित प्रावधानों के तहत मकान की आंशिक क्षति के लिए 6,500 रुपये तथा कपड़े एवं बर्तनों के नुकसान की भरपाई के लिए 5,000 रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इस प्रकार कुल 11,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की कार्यवाही की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा आपदा एवं दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार त्वरित राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।