खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को वाहन से कुचलने के मामले में कार्रवाई, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर जारी हुआ निष्कासन पत्र
देवास/भोपाल। मध्यप्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब के मामले में पुलिस कार्रवाई के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को वाहन से कुचलने की घटना में कथित संलिप्तता सामने आने के बाद कांग्रेस संगठन ने राहुल जायसवाल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राहुल जायसवाल को पार्टी के सभी पदों से मुक्त करते हुए प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है।
इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी महासचिव डॉ. संजय कामले द्वारा 3 नवंबर 2026 को निष्कासन आदेश जारी किया गया था। अब निष्कासन पत्र सामने आने के बाद कांग्रेस की कार्रवाई चर्चा में है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर कार्रवाई
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निष्कासन पत्र में राहुल जायसवाल को संबोधित करते हुए उल्लेख किया गया है कि देवास जिले में थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलने की जघन्य घटना हुई है। इस मामले में अवैध शराब के माफिया से जुड़े होने के आरोप सामने आए हैं।
पत्र में कहा गया है कि घटना में राहुल जायसवाल की संलिप्तता के संदेह के चलते पुलिस प्रशासन ने उन्हें हिरासत में लिया है तथा प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। कांग्रेस संगठन ने इस प्रकार के कृत्य को बेहद निंदनीय बताते हुए गंभीरता से लिया है।
प्राथमिक सदस्यता से भी किया निष्कासित
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार राहुल जायसवाल को तत्काल प्रभाव से पार्टी के समस्त पदों से मुक्त करते हुए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने का निर्णय लिया गया है।
निष्कासन पत्र पर संगठन प्रभारी महासचिव डॉ. संजय कामले के हस्ताक्षर हैं। इसकी प्रतिलिपि प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश प्रभारी, संगठन पदाधिकारियों तथा हरदा जिला कांग्रेस के संबंधित पदाधिकारियों को भी भेजी गई है।
पुलिस अधिकारी की मौत से प्रदेश में आक्रोश
देवास जिले के खातेगांव में थाना प्रभारी दिलीप पुरी की अवैध शराब तस्करी से जुड़े वाहन की कार्रवाई के दौरान कुचलने से मौत हो गई थी। इस घटना ने पुलिस महकमे में आक्रोश पैदा कर दिया था। मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
कांग्रेस संगठन की इस कार्रवाई को देवास की घटना के बाद पार्टी की छवि से जुड़े मामले में कड़ा कदम माना जा रहा है। हालांकि, राहुल जायसवाल की मामले में संलिप्तता और आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।