तरुणोदय भारत युवा पथ संचलन में 1540 स्वयंसेवकों ने किया कदमताल

तरुणोदय भारत युवा पथ संचलन में 1540 स्वयंसेवकों ने किया कदमताल


प्रांत प्रचारक विमल गुप्ता ने युवाओं से किया राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान

हरदा (सार्थक जैन)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को हरदा में आयोजित ‘तरुणोदय भारत युवा पथ संचलन’ में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और संगठन शक्ति का विराट दृश्य देखने को मिला। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 1540 स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में पथ संचलन में सहभागिता कर युवाशक्ति के सामर्थ्य और संगठित समाज के संकल्प का परिचय दिया। वीर सावरकर स्टेडियम से प्रारंभ हुआ पथ संचलन नगर के प्रमुख मार्गों से अनुशासित कदमताल के साथ निकला। नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर स्वयंसेवकों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्यभारत प्रांत प्रचारक आदरणीय श्री विमल जी गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्ष 1925 में परम पूजनीय डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा रोपा गया संगठन का बीज आज विशाल वटवृक्ष बन चुका है। अनेक कठिनाइयों, विरोध और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद संघ ने सेवा, समर्पण और निरंतर सामाजिक संपर्क के माध्यम से अपनी यात्रा को आगे बढ़ाया है। आज देश ही नहीं, विश्व के अनेक देशों में भी हिंदू स्वयंसेवक संघ के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियां संचालित हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र का वैभव केवल उसकी आर्थिक अथवा भौतिक समृद्धि से नहीं, बल्कि समाज के चरित्र, संस्कार और संगठन की शक्ति से निर्धारित होता है। डॉ. हेडगेवार का चिंतन था कि राष्ट्र उतना ही चरित्रवान बनता है, जितना उसका समाज चरित्रवान होता है। वर्तमान समय में समाज को संगठित, संस्कारवान और राष्ट्र के प्रति समर्पित बनाने की आवश्यकता है। त्रेता युग में मंत्र शक्ति, द्वापर में ज्ञान शक्ति और कलियुग में संगठन शक्ति के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के लिए निरंतर कार्य करते रहना ही हमारा ध्येय होना चाहिए। इसी भाव को ‘चरैवेति-चरैवेति’ का मंत्र अभिव्यक्त करता है।

युवाओं को संबोधित करते हुए श्री गुप्ता ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी ऊर्जा और समय का सही दिशा में उपयोग करने की है। मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग में युवाओं का बहुमूल्य समय व्यर्थ हो रहा है। युवाओं को अपनी ऊर्जा अध्ययन, अनुशासन, व्यक्तित्व निर्माण और समाजहित के कार्यों में लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी जैसा चिंतन और आचरण करेगी, वैसा ही समाज और हरदा का भविष्य निर्मित होगा।

उन्होंने सामाजिक परिवर्तन के लिए युवाओं से आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि व्यसनमुक्त, विवादमुक्त और संस्कारयुक्त समाज का निर्माण केवल सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। अपने इतिहास, संस्कृति, महापुरुषों और पूर्वजों के योगदान के प्रति गौरव का भाव रखते हुए प्रत्येक युवा को समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। भारतीय भाषाओं, संस्कृत भाषा, परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन में भी युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

श्री गुप्ता ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक दृष्टि संपूर्ण विश्व को एक परिवार मानने वाली दृष्टि है। ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ के विचार भारत की उस महान परंपरा को प्रकट करते हैं, जो संपूर्ण मानवता के कल्याण की कामना करती है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी क्षमता के अनुरूप योगदान देना होगा। विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि जागरूक, कर्तव्यनिष्ठ और संगठित समाज की सहभागिता से होगा।

उन्होंने स्वयंसेवकों के समर्पण और उनके परिवारों के सहयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन की यात्रा किसी एक व्यक्ति के प्रयासों से आगे नहीं बढ़ती, बल्कि असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या, समर्पण और परिवारों के सहयोग से निरंतर गतिमान रहती है। राष्ट्र निर्माण किसी एक दिन अथवा विशेष आयोजन का कार्य नहीं, बल्कि जीवनभर चलने वाली साधना है। इसके लिए युवाओं को नियमित शाखा, सामाजिक गतिविधियों और सेवा कार्यों से जुड़कर अपने व्यक्तित्व का निर्माण करना चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पथ संचलन केवल कदमताल अथवा शोभायात्रा नहीं, बल्कि अनुशासन, सामूहिकता, संगठनात्मक एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का जीवंत प्रकटीकरण है। इसका वास्तविक उद्देश्य समाज जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की प्रेरणा देना है। प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता और सामर्थ्य के अनुसार राष्ट्र एवं समाज के लिए योगदान दे, यही संगठन की अपेक्षा है।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 1540 स्वयंसेवकों की उल्लेखनीय सहभागिता ने युवाशक्ति की सामूहिक क्षमता का परिचय दिया। तरुणोदय भारत युवा पथ संचलन ने हरदा की तरुणाई के समक्ष संगठन, संस्कार, सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण का प्रेरक संदेश प्रस्तुत किया। संदेश स्पष्ट है—युवा जागेगा, समाज संगठित होगा और समाज संगठित होगा तो समर्थ, समृद्ध एवं विकसित भारत का स्वप्न साकार होगा।

Cookie Consent
We serve cookies on this site to analyze traffic, remember your preferences, and optimize your experience.
Oops!
It seems there is something wrong with your internet connection. Please connect to the internet and start browsing again.
AdBlock Detected!
We have detected that you are using adblocking plugin in your browser.
The revenue we earn by the advertisements is used to manage this website, we request you to whitelist our website in your adblocking plugin.
Site is Blocked
Sorry! This site is not available in your country.
NextGen Digital Welcome to WhatsApp chat
Howdy! How can we help you today?
Type here...