हरदा। जिले में बकाया राजस्व वसूली को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। लंबे समय से लंबित बकाया राशि की वसूली के लिए अब राजस्व विभाग ने कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को तहसीलदार महेंद्र चौहान के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने दो बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 43 हजार रुपए की वसूली के लिए कुर्की प्रक्रिया की।
कलेक्टर कुमार सत्यम के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अधिरोपित शास्ति की बकाया राशि वसूलने के लिए मधुर डेयरी, सब्जी मंडी के प्रोपराइटर कलीम खान से 35 हजार रुपए तथा खेड़ीपुरा निवासी नादिर खान से 8 हजार रुपए की वसूली के लिए कुर्की की प्रक्रिया अपनाई गई।
खनिज और बैंक आरआरसी प्रकरणों में भी होगी कार्रवाई
तहसीलदार महेंद्र चौहान ने स्पष्ट किया कि जिले में बकाया राजस्व वसूली का अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा अधिनियम के मामलों के अलावा खनिज विभाग की बकाया वसूली और बैंक आरआरसी (राजस्व वसूली प्रमाणपत्र) प्रकरणों में भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से बकायादारों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि सरकारी बकाया राशि जमा नहीं करने पर अब केवल नोटिस तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नियमानुसार कुर्की सहित अन्य वैधानिक कदम भी उठाए जाएंगे।