सामाजिक रूढ़ियों को पीछे छोड़ मुस्कान और कनक ने निभाया बेटे का फर्ज, पिता की अंतिम यात्रा में बेटियों के साहस और प्रेम ने हर आंख को किया नम
हरदा। पिता के जाने का दुख शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता, लेकिन जब बेटियां अपने पिता को अंतिम विदाई देने के लिए उनकी अर्थी को कंधा देती हैं, तो यह दृश्य समाज को रिश्तों की गहराई और बेटियों के महत्व का एहसास करा जाता है। शहर की शिक्षक कॉलोनी में गुरुवार को ऐसा ही भावुक दृश्य देखने को मिला, जब सुनील गुहा (52) की अंतिम यात्रा में उनकी दोनों बेटियों मुस्कान और कनक ने सामाजिक रूढ़ियों को पीछे छोड़ते हुए पिता की अर्थी को कंधा दिया और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
सुनील गुहा का भोपाल एम्स में उपचार के दौरान निधन हो गया। सिर में खून का थक्का जमने के कारण उनकी हालत गंभीर हो गई थी। उन्हें उपचार के लिए भोपाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां जिंदगी की जंग लड़ते हुए उन्होंने अंतिम सांस ली। गुरुवार शाम उनका पार्थिव शरीर हरदा लाया गया। घर से अंतिम यात्रा निकलने के दौरान बेटियों मुस्कान और कनक ने अपने पिता की अर्थी को कंधा दिया। इस मार्मिक दृश्य को देखकर वहां मौजूद परिजनों और शहरवासियों की आंखें नम हो गईं।
बेटियों ने साबित किया कि पिता के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और कर्तव्य निभाने के लिए बेटा-बेटी का भेद मायने नहीं रखता। पिता के जीवन में बेटियां जिस तरह सहारा बनती हैं, उसी तरह अंतिम विदाई के क्षणों में भी वे उनकी ताकत बनकर खड़ी रहीं। स्थानीय मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए और दिवंगत सुनील गुहा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सुनील गुहा की बड़ी बेटी मुस्कान बीटेक कर चुकी हैं, जबकि छोटी बेटी कनक भोपाल में फाइन आर्ट की पढ़ाई कर रही हैं। दोनों बेटियों ने पिता के सपनों को पूरा करने और उनके दिखाए रास्ते पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया है।
पिता की अर्थी को कंधा देती बेटियों का यह दृश्य केवल एक अंतिम संस्कार का क्षण नहीं था, बल्कि यह संदेश भी था कि बेटियां किसी भी जिम्मेदारी में बेटों से कम नहीं हैं। वे पिता की खुशियों, सपनों और जीवन की जिम्मेदारियों की सहभागी होती हैं और जरूरत पड़ने पर हर भूमिका निभाने का सामर्थ्य रखती हैं। सुनील गुहा की अंतिम यात्रा में बेटियों का प्रेम, साहस और समर्पण उपस्थित लोगों के दिलों में लंबे समय तक याद रहेगा।