Breaking News

जनता की परेशानी दूर कर, प्रशासन में कसावट लाने लोकायुक्त ने लगाया जनता दरबार

जनता की परेशानी दूर कर, प्रशासन में कसावट लाने लोकायुक्त ने लगाया जनता दरबार

राजस्व, जिला पंचायत, एमपीईबी, नगर पालिका ओर शिक्षक  के खिलाफ आई शिकायतें


लोकमतचक्र.कॉम।

हरदा : आम जनता की परेशानी को दूर करने और सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और भ्रष्टाचार मुक्त समाज की ओर आगे बढ़ने को लेकर हरदा के इतिहास में पहली मर्तबा जनता दरबार लगाकर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक ने लोगों की शिकायतें सुनी। लोकायुक्त भोपाल के एसपी मनु व्यास के समक्ष शहर के सर्किट हाउस में भ्रष्टाचार करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ लोगों ने अपनी शिकायत दर्ज कराई। लोकायुक्त को प्राप्त हुई लगभग 30 शिकायतों में जहां राजस्व विभाग, जिला पंचायत, एमपीईवी और नगर पालिका की शिकायत प्रमुखता से हुई वहीं पर एक व्यक्ति ने जिले के शिक्षक के खिलाफ धोखाधड़ी करने की शिकायत भी की।

लोकायुक्त भोपाल पुलिस अधीक्षक मनु व्यास ने जनता दरबार में पंचायत, नगर पालिका, जिला पंचायत, राजस्व, बिजली विभाग सहित कई विभागों के मामले आए। इनमें कुछ मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया। वहीं शेष शिकायतों पर भी जल्द कार्रवाई करने की बात कही।

एसपी व्यास ने बताया कि समाज को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए लोकायुक्त संगठन ने पूर्व में भी जागरूकता शिविर आयोजित किए हैं। लेकिन कोरोना के चलते यह अभियान रुक गया था। सरकारी विभागों में आम व्यक्ति के काम बिना लेन देन के हो इसको लेकर लोकायुक्त संगठन लोगों में जागरूकता लाने को काम कर रहा है।

एसपी मनु व्यास ने बताया कि शिविर में प्राप्त शिकायतों को त्वरित कार्रवाई करेंगे। हरदा शहर के लोगों को भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आना होगा। हमारे द्वारा किसी भी स्तर पर शिकायत प्राप्त होने पर कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि शहर में प्रत्येक माह में एक बार भ्रष्टाचार निवारण के लिए शिविर का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि यदि कोई व्यक्ति किसी काम करने के बदले में राशि की मांग करता है तो उसे रंगे हाथों भी पकड़वा सकते है। इसके लिए लोकायुक्त विभाग उनकी पूरी मदद करेगा। इस दौरान उन्होंने शिविर में प्राप्त भ्रष्टाचार की शिकायतों पर शिकायकताओं से चर्चा की।

कोई टिप्पणी नहीं