Breaking News

कलेक्टर दीपक सक्सेना के पुत्र का दिल्ली में निधन, निधन का कारण हीटस्ट्रोक संभावित

कलेक्टर दीपक सक्सेना के पुत्र का दिल्ली में निधन, निधन का कारण हीटस्ट्रोक संभावित 


लोकमतचक्र डॉट कॉम।  

जबलपुर। कलेक्टर दीपक सक्सेना के 20 वर्षीय बेटे अमोल सक्सेना का रविवार को दिल्ली में निधन हो गया। अमोल दिल्ली में फिल्म स्टडीज का कोर्स कर रहे थे। सूचना पर कलेक्टर दीपक सक्सेना दिल्ली रवाना हो गए हैं। अमोल सक्सेना के निधन का कारण हीटस्ट्रोक बताया जा रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में ही कारण स्पष्ट हो सकेगा। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, अमोल का शव सोमवार को चार्टर्ड प्लेन के जरिए दिल्ली से जबलपुर लाया जाएगा। यहां उनके पार्थिव देह का अंतिम संस्कार होगा। 

बताया जा रहा है कि अमोल की शनिवार को तबीयत खराब हो गई थी। कलेक्टर दीपक सक्सेना की एक बेटी भी है, जो दिल्ली में ही प्राइवेट कंपनी में जॉब करती है। दीपक सक्सेना मूल रूप से जबलपुर के रहने वाले हैं। कलेक्टर दीपक सक्सेना के बेटे के निधन की जानकारी लगते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी सिविल लाइन स्थित कलेक्टर के बंगले पर पहुंचने लगे। संभागीय कमिश्नर अभय वर्मा, आईजी अनिल कुशवाह समेत डीआईजी, एसपी और कई अधिकारी कलेक्टर बंगले पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना को पुत्रशोक होने की जानकारी लगने पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कलेक्टर दीपक सक्सेना के युवा एवं होनहार पुत्र अमोल सक्सेना के असामयिक देहावसान का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। बाबा महाकाल से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत की पुण्य आत्मा को शांति प्रदान कर अपने श्री चरणों में स्थान दें। मैं मध्यप्रदेश शासन की ओर से दिवंगत को बद्धांजलि अर्पित करता हूं। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पंचायत ग्रामीण मंत्री प्रहलाद पटेल ने भी कलेक्टर के पुत्र अमोल सक्सेना के निधन पर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की।

कोई टिप्पणी नहीं