Hot Posts

6/recent/ticker-posts

व्यापारी का बैग हुआ चोरी, CCTV से खुला राज: हरदा पुलिस ने घंटों में दबोचे आरोपी

हरदा। शहर में रविवार शाम हुई बैग चोरी की वारदात का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह रही कि इस चोरी में एक नाबालिग का भी इस्तेमाल किया गया था, जिसे पुलिस ने चिन्हित कर लिया है।

घटना बोहरा मस्जिद वाली गली की है, जहां हरसूद निवासी व्यापारी सौरभ सोनी लोडिंग कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान उनकी पिकअप गाड़ी के केबिन में रखा लेदर बैग अज्ञात व्यक्ति चुरा ले गया। केबिन के कांच खुले होने का फायदा उठाकर आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।

चोरी गए बैग में जरूरी दस्तावेज, नारजो कंपनी का नीले रंग का मोबाइल और करीब 6 हजार रुपये नकद रखे थे। घटना की शिकायत मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 126/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने आसपास लगे 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की पहचान की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विष्णु पिता जगन्नाथ (निवासी डबल फाटक, हरदा) और सजन पिता राजू बाबा सोलंकी (22, निवासी सिवनी मालवा) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी की इस वारदात को अंजाम देने के लिए एक नाबालिग का सहारा लिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया बैग और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक पर पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब नाबालिग की भूमिका को लेकर भी आगे की कार्रवाई कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About