हरदा। भीषण गर्मी के बीच नहर में पानी नहीं मिलने से परेशान किसानों ने गुरुवार दोपहर स्टेट हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। हरदा जिले के सोनतलाई सब डिवीजन अंतर्गत आने वाले ग्राम कामताड़ा, बीड़ और रोलगांव के किसानों ने मूंग की सूखती फसल को बचाने के लिए यह आंदोलन किया।
किसानों का आरोप है कि पिछले आठ दिनों से नहर में पर्याप्त पानी नहीं छोड़ा गया है, जिससे खेतों में खड़ी मूंग की फसल सूखने लगी है। किसान लगातार जल संसाधन विभाग से पानी बढ़ाने की मांग कर रहे थे, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने स्टेट हाईवे पर धरना देकर चक्का जाम शुरू कर दिया।
दोपहर करीब 12 बजे तेज गर्मी के बावजूद किसान सड़क पर पुस्टे बिछाकर बैठ गए। आंदोलन में किसान सचिन यादव, संदीप शर्मा, मनोज पंचोली सहित करीब 15 से 20 किसान शामिल रहे। किसानों ने एक दिन पूर्व कार्यपालन यंत्री सोनम वाजपेई को आवेदन देकर 24 घंटे के भीतर पानी बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने आंदोलन का रास्ता अपनाया।
स्थिति को संभालने के लिए सोनतलाई सब डिवीजन के एसडीओ रोहन विलियम्स मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि किसानों का कहना था कि जब तक कार्यपालन यंत्री की ओर से लिखित आश्वासन नहीं दिया जाएगा, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ