नायब तहसीलदार हिमांशु परते के अनुसार, मृतका की पहचान राजकुमारी धुर्वे, पत्नी संजय दमाड़े के रूप में हुई है। बताया गया है कि राजकुमारी ने शनिवार सुबह अपने घर में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
2023 में किया था प्रेम विवाह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकुमारी का मायका मूल रूप से चिचोली थाना क्षेत्र के ग्राम पातरी में है। उसने वर्ष 2023 में संजय दमाड़े से प्रेम विवाह किया था। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक करीब तीन वर्ष का बेटा और एक तीन वर्ष की बेटी है।
खेत पर गया था पति
पुलिस को दिए गए प्रारंभिक बयान में मृतका के पति संजय ने बताया कि वह सुबह खेत पर दवाई का छिड़काव करने गया था। करीब 10:30 बजे उसकी मां घर पहुंचीं, जहां उन्होंने राजकुमारी को फांसी के फंदे पर देखा। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार किया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।