Hot Posts

6/recent/ticker-posts

हरदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीन नशा तस्कर गिरफ्तार, लाखों की एमडी ड्रग्स जब्त


हरदा । जिले को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11.07 ग्राम एमडी ड्रग्स एवं दो दोपहिया वाहन जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक शशांक के निर्देश एवं एसडीओपी शालिनी परस्ते के मार्गदर्शन में जिलेभर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसी दौरान थाना प्रभारी आर.एल. भारती के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। सर्विस रोड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास संदिग्ध अवस्था में बैठे तीन युवकों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से पीली थैली में रखी 11.07 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई। साथ ही मौके से टीवीएस अपाचे और रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित सोनी, सौरभ शर्मा एवं वसीम खान के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थ एवं वाहनों सहित कुल मशरूका की कीमत लगभग 4 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अजय रघुवंशी, प्रधान आरक्षक दीपक जाट, मनीष पठारिया, आरक्षक प्रदीप मालवीय, राम नरेश, नीलेश पटेल, नीलेश तिवारी एवं साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की आमजन ने भी सराहना की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About