हरदा । सोमवार को राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले के 12 नागरिकों ने निक्षय मित्र बनकर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की। जिला चिकित्सालय हरदा में आयोजित कार्यक्रम में इन निक्षय मित्रों द्वारा 100 क्षय रोगियों को गोद लिया गया और उन्हें पोषण आहार किट (फूड बास्केट) का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह, जिला क्षय अधिकारी डॉ. मृत्युंजय सिंह गहलोत, समस्त एनटीईपी स्टाफ उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह ने बताया कि जिले के हर्षिता गौरव जैन, राजकुमार बाफना, साहिल संजय जैन, आशीष रात्रे, सांझ सन्नी अजमेरा, दिव्या अग्रवाल, राहुल गंगवाल जैन, रजनीश अग्रवाल, विनय जैन, नरेन्द्र राठी, श्रीमती पुष्पा सुभाष सिंघई तथा श्रीमती सुगन निर्मल पाटनी ने निक्षय मित्र बनकर मरीजों की पोषण संबंधी जिम्मेदारी ली।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान 2025 के तहत निक्षय मित्र योजना चलाई जा रही है। इसमें समाज के सक्षम लोग टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके इलाज की अवधि तक पौष्टिक भोजन, जांच और भावनात्मक सहयोग प्रदान करते हैं। इससे मरीज जल्दी स्वस्थ होते हैं।

0 टिप्पणियाँ