हरदा। कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में नयापुरा निवासी एवं पूर्व सचिव रामजीवन दुबे ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ‘राहुल भैया’ के नेतृत्व में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत करते हुए इसे संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजय सिंह ‘राहुल भैया’ ने कहा कि हरदा मध्य प्रदेश का संभवतः पहला ऐसा जिला है, जहां की दोनों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है। अब इस सफलता को बनाए रखने और आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी कार्यकर्ताओं की है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि नगरीय निकाय, जिला पंचायत और अन्य स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के वोट प्रतिशत में बहुत अधिक अंतर नहीं है। यदि कार्यकर्ता गांव-गांव तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों, विचारधारा और जनहित के मुद्दों को मजबूती से जनता के सामने रखें, तो पार्टी को और अधिक सफलता मिल सकती है।
अजय सिंह ‘राहुल भैया’ ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार देशभर में संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को उठाने के लिए मेहनत कर रहे हैं। उनके प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव कार्यकर्ताओं में दिखाई दे रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, हरदा विधायक रामकिशोर दोगने, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन साईं, पूर्व जिला अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पवार, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमंत टाले, सुरेंद्र जैन, हरदा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद व्यास सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रामजीवन दुबे के पार्टी में शामिल होने से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों में कांग्रेस को और मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया।

0 टिप्पणियाँ