Hot Posts

6/recent/ticker-posts

30 साल से शहर में रहने वाले परिवार मूलभूत सुविधाओं को तरसे, एसडीएम से लगाई गुहार


वार्ड 1 और 10 के पट्टाधारियों ने सड़क, बिजली, पानी और नाली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की

टिमरनी। नगर टिमरनी के वार्ड क्रमांक 1 एवं 10 के पट्टाधारियों ने मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को आवेदन सौंपा है। आवेदन में रहवासियों ने आरोप लगाया कि उन्हें शासन द्वारा पट्टे तो प्रदान कर दिए गए, लेकिन आज तक आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आवेदन के अनुसार संबंधित पट्टाधारी ग्राम पिपला माफी क्षेत्र के अंतर्गत बसाए गए हैं, जबकि अधिकांश परिवार पिछले करीब 30 वर्षों से टिमरनी नगर क्षेत्र में निवासरत रहे हैं। रहवासियों का कहना है कि पूर्व में वे नगर के विभिन्न हिस्सों में रहते थे, जहां से उन्हें वर्तमान स्थान पर पुनर्स्थापित किया गया था।

निवासियों ने बताया कि पुनर्स्थापन के समय प्रशासन द्वारा आश्वासन दिया गया था कि नई बसाहट में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, लेकिन वर्षों बाद भी क्षेत्र में पक्की सड़क, नाली, बिजली, स्ट्रीट लाइट और पेयजल जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं नहीं हो सकी हैं।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कई हितग्राहियों को पूर्व में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति प्राप्त हो चुकी थी, लेकिन पुनर्स्थापन के बाद उनकी स्थिति प्रभावित हुई। रहवासियों ने मांग की है कि उन्हें नगर क्षेत्र के नागरिकों के समान सुविधाएं एवं शासकीय योजनाओं का लाभ दिया जाए।

पट्टाधारियों ने एसडीएम से शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About