Hot Posts

6/recent/ticker-posts

भादूगांव के रामजानकी मंदिर गौमुख मठ में बनेगा भव्य ओंकार अस्पताल, दो वर्षों में होगा तैयार


हरदा । क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में टिमरनी तहसील के रामजानकी मंदिर गौमुख मठ, भादूगांव में जल्द ही सर्वसुविधायुक्त "ओंकार अस्पताल" का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए गुरुवार को गौमुख मठ के महंत महामंडलेश्वर ओमकार दास महाराज के सानिध्य में विधि-विधान से भूमि पूजन संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संतों की इस तपोस्थली पर मानव सेवा के उद्देश्य से अस्पताल का निर्माण होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अस्पताल निर्माण के लिए शासन और प्रशासन स्तर पर जो भी सहायता आवश्यक होगी, उसे पूरा करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, यह अस्पताल आगामी दो वर्षों में बनकर तैयार हो जाएगा। यहां विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, जिससे क्षेत्र के मरीजों को बेहतर एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। चिकित्सकों के लिए आवासीय व्यवस्था भी परिसर में ही विकसित की जाएगी।

अस्पताल के साथ-साथ यहां आयुर्वेदिक एवं योग केंद्र की भी स्थापना की जाएगी। भविष्य में इस संस्थान को मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के नए आयाम स्थापित हो सकेंगे।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, नर्मदीय ब्राह्मण समाज के मुख्य ट्रस्टी अशोक पाराशर, रामकृष्ण वलबटे, विद्या भारती के प्रदेश अध्यक्ष सुजीत शर्मा, मंडल अध्यक्ष अतुल बारंगे, संदीप पाराशर, अक्षय शांडिल्य, डॉ. वीरेंद्र गुहा, मुकेश शांडिल्य, विकास तिवारी सहित बड़ी संख्या में साधु-संत, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About