फाउंडेशन से फाइनल तक - तीनों परीक्षाएं पहली बार में उत्तीर्ण, शहर में खुशी की लहर
हरदा, 16 जून 2026। नगर की होनहार बेटी चारु सोमानी ने चार्टर्ड अकाउंटेंट की अंतिम परीक्षा मई 2026 में प्रथम प्रयास में उत्तीर्ण कर हरदा का नाम रोशन किया है। विशेष बात यह है कि चारु ने CA फाउंडेशन एवं इंटरमीडिएट परीक्षा भी प्रथम प्रयास में ही उत्तीर्ण की थी। इस तरह उन्होंने CA की तीनों सीढ़ियां बिना रुके पार कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
ईश्वर कृपा और परिवार का आशीर्वाद: चारु सोमानी स्वर्गीय शिवनारायण सोमानी (छिपानेर वाले) की परपोती, किराना-तेल व्यवसायी एवं माहेश्वरी समाज हरदा के पूर्व अध्यक्ष सत्यनारायण सोमानी की पोती तथा श्रीमती आरती योगेश सोमानी की सुपुत्री हैं। परिवारजनों ने बताया कि यह सफलता ईश्वर के असीम आशीर्वाद एवं माँ नर्मदा की कृपा से प्राप्त हुई है।
छोटा भाई भी CA फाइनल में: उल्लेखनीय है कि चारु से छोटे भाई भी वर्तमान में CA फाइनल की तैयारी कर रहे हैं। सोमानी परिवार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
शहर भर से बधाइयों का तांता: बिटिया चारु के CA बनने पर पूरे शहर में हर्ष का माहौल है। हरदा विधायक र के दोगनेअंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन हरदा के जिला अध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि संजय कमलचंद जैन, जैैन समाज अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन, वैश्य समाज जिला अध्यक्ष दीपक नेमा, माहेश्वरी समाज अध्यक्ष राजू मेहता, अग्रवाल समाज सहित सर्व समाज के पदाधिकारियों ने चारु सोमानी को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
समाजजनों ने कहा कि "चारु ने यह सिद्ध कर दिया कि बेटियां किसी से कम नहीं। हरदा की बेटियों के लिए चारु एक प्रेरणा बन गई हैं।"
दादा सत्यनारायण सोमानी एवं पिता योगेश सोमानी ने कहा - "हमारी पोती/बेटी चारु अपने जीवनपथ के कार्यक्षेत्र में उन्नति के कीर्तिमान रचे, यही हमारी शुभमंगलकामना एवं स्नेहाशीष है।"

0 टिप्पणियाँ