पुलिस अधीक्षक हरदा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी हरदा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात का पर्दाफाश किया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम करताना पूरा, थाना टिमरनी निवासी राकेश वर्मा ने 21 जुलाई 2026 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 जुलाई की रात अज्ञात चोर उनकी हेयर सैलून की दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखी एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर, ट्रिमर सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 476/2026 के तहत धारा 331(4) एवं 305 बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन युवकों से पूछताछ की। पूछताछ में राजेश नायक (28) पिता भागीरथ नायक, निवासी वार्ड क्रमांक 17 एलआईजी कॉलोनी हरदा (हाल दुर्गा मंदिर के पास), मोहम्मद शब्बीर उर्फ बब्बू (29) पिता अब्दुल नसीर, निवासी गली नंबर 5, दूध डेयरी के पास हरदा तथा वंश कपोल उर्फ बांसू लाल (22) पिता स्वर्गीय गणेश कपोल, निवासी एलआईजी कॉलोनी, कटिया छात्रावास के पीछे, वार्ड क्रमांक 18 हरदा ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया।
बरामद सामान में 7 ट्रिमर, एमआई कंपनी की 32 इंच एलईडी टीवी, 51 इंच एलईडी टीवी, 2 सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर, जियो वाई-फाई डिवाइस, 2 हेयर ड्रायर, फेस मसाज मशीन, इन्वर्टर बैटरी, 2 गैस सिलेंडर तथा 2 म्यूजिक सिस्टम शामिल हैं। बरामद मशरूका की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹1.30 लाख बताई गई है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अजय रघुवंशी, प्रधान आरक्षक देवेंद्र सूरमा, प्रधान आरक्षक अमित बौरासी, आरक्षक निलेश पटेल, आरक्षक प्रदीप मालवीय तथा चालक निलेश तिवारी की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की प्रशंसा की।