Hot Posts

6/recent/ticker-posts

नामांतरण के बदले तीन हजार रुपये रिश्वत लेते माल जमादार गिरफ्तार


सीधी ।
जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील कार्यालय में पदस्थ एक माल जमादार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने जमीन के नामांतरण की प्रक्रिया पूरी कराने के बदले आवेदक से 3,000 रुपये रिश्वत मांगी थी।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद रीवा संयुक्त लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। शिकायतकर्ता नागेंद्र प्रसाद तिवारी पिछले चार महीनों से अपनी जमीन के नामांतरण के लिए लगातार तहसील कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात माल जमादार दामोदर साकेत से हुई। आरोप है कि नामांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए दामोदर साकेत ने 3,000 रुपये की रिश्वत मांगी। बार-बार चक्कर लगाने और रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी लोकायुक्त पुलिस को दी।

शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने पूरे मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने पर रीवा संयुक्त लोकायुक्त टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना तैयार की। बुधवार सुबह तहसील कार्यालय के सामने जाल बिछाया गया। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोपी को 3,000 रुपये की रिश्वत की राशि दी। जैसे ही आरोपी ने रकम ली, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।

कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

About