हरदा (स्वासिक गंगवाल)। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, रहटगांव थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए बाइक चोरी के एक मामले का सफल खुलासा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने चोरी की बाइक बेचने वाले और उसे खरीदने वाले, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बीते एक महीने के भीतर दो बाइक चोरी करने की बात भी कबूल की है, जिसके बाद दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी मनोज दुबे के अनुसार, नकवाड़ा निवासी केवलराम पिता मोतीराम सोलंकी ने 1 सितंबर 2025 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि दोपहर करीब 1:15 बजे उनकी बाइक (एमपी-09 जेड-6773) घर के बाहर खड़ी थी, जिसे कोई अज्ञात चोर चुरा ले गया था। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर आरक्षक गजेंद्र, महेंद्र और चालक सोनू ने रहटगांव के शासकीय अस्पताल के पास खड़ी एक संदिग्ध बाइक की बारीकी से जांच की। चेसिस नंबर का मिलान करने पर वह बाइक केवलराम की ही निकली, जो चोरी हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने मौके से आरोपी जामसिंह पिता मंगलसिंह उइके (निवासी महेंद्रगांव, हाल निवासी कसाईखेड़ा, थाना धारणी, जिला अमरावती, महाराष्ट्र) को हिरासत में ले लिया।
पुलिस द्वारा की गई कड़ाई से पूछताछ में जामसिंह ने खुलासा किया कि उसने यह बाइक भगवानपुर निवासी रामदास पिता बुद्ध काजले से खरीदी थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रामदास को भी हिरासत में लिया। पूछताछ में रामदास ने बाइक चोरी करने का जुर्म स्वीकार किया और बताया कि उसने करीब एक महीने पहले रहटगांव बाजार से एक अन्य बाइक भी चोरी कर जामसिंह को बेची थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहाँ से अदालत के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है। इस पूरे मामले में पुलिस आगे की बारीकी से जांच कर रही है।

0 टिप्पणियाँ