हरदा। नगर पालिका परिषद की 17 जुलाई को हुई बैठक के दौरान हुए घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को स्थानीय होटल में प्रेसवार्ता कर अपना पक्ष रखा। कांग्रेस नेताओं ने नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी पर लगाए गए महिला पार्षदों से अभद्र व्यवहार के आरोपों को निराधार बताते हुए इसे विपक्ष की आवाज दबाने की राजनीतिक साजिश करार दिया। कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होने तक नगर पालिका परिषद की बैठकों का बहिष्कार करने की घोषणा की है।
प्रेसवार्ता में विधायक प्रतिनिधि अनिल दुबे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन बिश्नोई, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पवार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद व्यास, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रमिला सिंह ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी सहित कांग्रेस पार्षद मौजूद रहे।
जनहित के मुद्दे उठाने पर हुआ विवाद : अनिल दुबे
विधायक प्रतिनिधि अनिल दुबे ने कहा कि परिषद की बैठक में वार्ड क्रमांक-12 के पार्षद अक्षय उपरीत ने नगर में गंदे पानी की समस्या को अध्यक्ष और सीएमओ की अनुमति से उठाया था। इस दौरान भाजपा पार्षदों की टोका-टोकी से विवाद की स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी ने केवल जलकर वृद्धि और नागरिक सुविधाओं के मुद्दे उठाए थे। उन्होंने सवाल किया कि कर बढ़ाने के बावजूद लोगों को स्वच्छ पेयजल, साफ नालियां और बेहतर सफाई व्यवस्था क्यों नहीं मिल रही।
भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन बिश्नोई ने भाजपा की शिकायत को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए कहा कि सत्ता पक्ष को प्रशासन का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को अवकाश के दिन भी प्रशासनिक अधिकारियों से समय मिल जाता है, जबकि किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सामान्य दिनों में भी पर्याप्त अवसर नहीं मिलता।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पवार ने कहा कि कांग्रेस अपने सभी पार्षदों के साथ मजबूती से खड़ी है और विपक्ष का काम जनहित के मुद्दे उठाना है। कांग्रेस पार्षद अहद खान ने आरोप लगाया कि परिषद में भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाने पर विपक्षी पार्षदों को झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश की जा रही है।
जल समस्या और कर वृद्धि का भी उठाया मुद्दा
महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रमिला सिंह ठाकुर ने वार्ड क्रमांक-31 में शुद्ध पेयजल की समस्या का मुद्दा उठाते हुए वहां पानी की टंकी और नई पाइपलाइन बिछाने की मांग की। वहीं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद व्यास ने बताया कि कांग्रेस पार्षद कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने तक परिषद की बैठकों का बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही 15 अगस्त से जलकर, संपत्ति कर और सफाई कर में वृद्धि के विरोध में शहरभर में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की मांग
प्रेसवार्ता के बाद कांग्रेस पार्षदों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर परिषद बैठक के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की, ताकि पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता सामने आ सके। इस दौरान युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष योगेश चौहान, पार्षद सुप्रिया पटेल, अक्षय उपरीत, बबीता सोनकर सहित अन्य कांग्रेस पार्षद उपस्थित रहे।