बिना पूर्व सूचना कनेक्शन काटने, मनमानी पेनल्टी और अधिकारियों के रवैये पर उठे सवाल
हरदा। शहर में बिजली विभाग की वसूली कार्रवाई को लेकर उपभोक्ताओं और व्यापारियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। आरोप है कि राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा करने के दबाव में विभाग आम उपभोक्ताओं के साथ मनमानी कर रहा है। सूत्रों के अनुसार बुधवार को शहर में करीब 128 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन बिना पूर्व सूचना के काट दिए गए, जिससे कई परिवारों और प्रतिष्ठानों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
व्यापारियों का आरोप है कि विभाग एक ओर नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं पर सख्ती कर रहा है, वहीं दूसरी ओर अवैध विद्युत चोरी करने वालों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही। इससे ईमानदार उपभोक्ता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि बिजली विभाग 16 प्रतिशत वार्षिक की जगह 16 प्रतिशत प्रतिमाह की दर से पेनल्टी वसूल रहा है, जिससे लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इस मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग उठ रही है।
लोगों का कहना है कि कनेक्शन काटने के बाद जब वे बिजली कार्यालय पहुंचते हैं तो संबंधित अधिकारी अक्सर कार्यालय में नहीं मिलते और फील्ड में होने की बात कही जाती है। इससे उपभोक्ताओं को घंटों परेशान होना पड़ता है और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पाता।
शहर के व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग का यही रवैया जारी रहा तो वे संगठित होकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली की जांच कराने और उपभोक्ताओं को राहत दिलाने की मांग की है।