टिमरनी, 31 जुलाई। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए टिमरनी थाना पुलिस ने शुक्रवार को नगर में संचालित स्कूल वाहनों का विशेष जांच अभियान चलाया। थाना प्रभारी मुकेश गोड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न स्कूलों के वाहनों की सघन जांच कर क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर संचालित किए जा रहे वाहनों पर चालानी कार्रवाई की।
जांच के दौरान पुलिस ने वाहनों में बच्चों की संख्या, वाहन संबंधी दस्तावेज, सुरक्षा मानकों एवं यातायात नियमों का पालन कराया। क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन करने वाले तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इस अवसर पर थाना प्रभारी मुकेश गोड़ ने सभी स्कूल संचालकों एवं वाहन चालकों को सख्त निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल वाहन निर्धारित क्षमता के अनुसार ही संचालित किए जाएं तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। ओवरलोडिंग या नियमों की अनदेखी पाए जाने पर भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्कूल संचालकों और वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। अभिभावकों ने भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चलाए गए इस विशेष अभियान की सराहना की।