जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8 बजे मोहल्ले की एक महिला पुष्पा गौरे के घर बिलपत्र लेने पहुंची थी। इस दौरान उसने पुष्पा को कमरे में पलंग पर अचेत अवस्था में देखा। सूचना मिलने पर मृतका के भाई अनुराग गौरे ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
गले में मिला बिजली का तार
मौके पर पहुंची पुलिस को महिला के गले में बिजली का तार मिला, जिससे उसका गला घोंटे जाने की आशंका है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महिला के गले से सोने की माला और कानों के कुंडल निकाल लिए। पलंग के पास सोने का एक मोती भी मिला है। इससे आशंका जताई जा रही है कि सोने की माला तोड़कर निकाली गई थी।
तीन संदिग्धों से पूछताछ
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और तीन संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। मौके पर पहुंचे एसपी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथमदृष्टया महिला की हत्या लूट के इरादे से किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की पहचान और हत्या के वास्तविक कारण का खुलासा जांच पूरी होने के बाद होने की उम्मीद है।