बारदाना, स्टाफ और किसानों की सुविधाओं में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
हरदा/टिमरनी। मूंग उपार्जन कार्य को सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से शनिवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) टिमरनी ने तहसील क्षेत्र के विभिन्न मूंग उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी समिति प्रबंधकों एवं वेयरहाउस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिदिन सुबह 9 बजे से खरीदी कार्य अनिवार्य रूप से प्रारंभ किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने वेयरहाउस एवं समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे सुबह 9 बजे से पहले केंद्रों को पूरी तरह तैयार रखें। खरीदी के दौरान सभी कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।
एसडीएम ने कहा कि बारदाने की उपलब्धता में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आनी चाहिए। इसके लिए ट्रांसपोर्टर अथवा स्वयं ट्रैक्टर-ट्रॉली की व्यवस्था कर डीएमओ के प्रतिनिधियों से समन्वय बनाते हुए समय पर बारदाना उपलब्ध कराया जाए। यदि किसी समिति में बारदाने की कमी के कारण खरीदी प्रभावित हुई तो संबंधित समिति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि सर्वेयर समय पर उपस्थित रहें, किसानों की उपज की पहचान कर विधिवत सर्वेक्षण करें तथा सभी समितियां खरीदी समाप्त होने के बाद उसी दिन पैकिंग कर रात्रि में स्टैकिंग का कार्य पूर्ण करें, ताकि अगले दिन सुबह निर्धारित समय पर खरीदी निर्बाध रूप से शुरू हो सके।
किसानों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए एसडीएम ने सभी समितियों एवं वेयरहाउस संचालकों को पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसानों से किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित सर्वेयर अथवा समिति प्रबंधक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि मूंग उपार्जन प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को समय पर और बिना किसी परेशानी के अपनी उपज का विक्रय करने का अवसर मिल सके।