वनवासी कृषि एवं ग्रामीण मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष गणेश मर्सकोले ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा यह यात्रा पिछले पांच वर्षों से निरंतर निकाली जा रही है। यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान भोलेनाथ की वेशभूषा में निखिल शर्मा पैदल यात्रा में शामिल रहे। रास्ते में श्रद्धालुओं ने उन्हें साक्षात भोलेनाथ का स्वरूप मानकर दर्शन किए। कांवड़िए भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए नाचते-गाते और भक्ति में झूमते हुए आगे बढ़े।
यात्रा के दौरान युवा साथी शेखर चाचरे ने अपने निजी वाहन से कांवड़ियों के लिए फलाहार, नाश्ता और पानी की व्यवस्था की। रास्ते में आवश्यकता पड़ने पर उन्होंने श्रद्धालुओं को खाद्य सामग्री एवं पेयजल उपलब्ध कराया।
कांवड़ यात्रा ग्राम गोंदा गांव कलां पहुंचने पर शिव शंकर मंदिर में संपन्न हुई, जहां कांवड़ियों ने मां नर्मदा के जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इसके अलावा रास्ते में आने वाले विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं ने जल अर्पित किया।
इस अवसर पर दीनबंधु शर्मा, रवि चाचरे, कुलदीप, पिंटू राजपूत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने भगवान शिव से ग्रामवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और गांव के विकास की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण भगवान शिव के जयकारों और भक्ति गीतों से भक्तिमय बना रहा।