पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभिषेक, पिता महेंद्र सिंह चौधरी, निवासी सिथरापुर, थाना शाहाबाद, जिला हाथरस (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। अभिषेक भोपाल की रेनी पावर कंपनी में मजदूरी करता था। कंपनी द्वारा बिजली विभाग के लिए तार और ट्रांसफार्मर बदलने का काम किया जाता है।
टहनियों की छंटाई के दौरान लगा करंट
मृतक के बड़े पापा के बेटे सुंदर सिंह चौधरी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कंपनी के मजदूर बिजली लाइन के तार बदलने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अभिषेक पेड़ पर चढ़कर बिजली लाइन के बीच आ रही टहनियों की छंटाई कर रहा था। काम के दौरान अचानक उसे करंट लग गया, जिससे वह करीब 15 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया है।
तीन महीने पहले ही काम पर आया था अभिषेक
परिजनों के अनुसार अभिषेक करीब तीन महीने पहले ही काम के सिलसिले में हरदा आया था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
बिजली आपूर्ति बंद नहीं होने का परिजनों ने लगाया आरोप
हादसे के बाद परिजनों ने बिजली कंपनी के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि तार बदलने के दौरान बिजली आपूर्ति बंद नहीं की गई, जिसके कारण अभिषेक करंट की चपेट में आ गया। परिजनों ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और कार्य के दौरान बरती गई सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है।