हरदा। स्वदेशी जागरण मंच द्वारा 1 अगस्त से 20 अगस्त तक चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी "मैं भी स्वदेशी... समर्थक!" अभियान का हरदा जिले में रविवार को भव्य एवं गरिमामय शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में समाजसेवियों, शिक्षाविदों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं जागरूक नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर स्वदेशी वस्तुओं के अधिकाधिक उपयोग का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी एवं योगगुरु ओमनारायण शुक्ला ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में गायत्री परिवार के संचालक सियाराम गौर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संयोजक सत्यनारायण दोगने एवं नर्मदापुरम संभाग के पूर्णकालिक कार्यकर्ता अरुण मालवीय मौजूद रहे।
स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक डॉ. एल.एन. पाराशर ने अभियान की भूमिका रखते हुए कहा कि जब-जब देश ने स्वदेशी को अपनाया है, तब-तब भारत ने आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक नीति नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक स्वाभिमान और आत्मनिर्भर भारत का मजबूत आधार है। उन्होंने नागरिकों से विदेशी वस्तुओं के बजाय स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया।
प्रांत संयोजक सत्यनारायण दोगने एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष तथा स्वावलंबन अभियान के सह-संयोजक दर्शन सिंह गेहलोत ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दे, तो देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, स्थानीय उद्योगों को नई ऊर्जा मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के अध्यक्ष कमल सोनी एवं महिला प्रभारी योगमाया शर्मा ने भी स्वदेशी आंदोलन को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया और लोगों से स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में ओमनारायण शुक्ला ने कहा कि स्वदेशी अपनाना केवल खरीदारी का विकल्प नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का महायज्ञ है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान में सहभागी बनकर भारत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन नगर संयोजक त्रिलोक शर्मा ने किया, जबकि आभार हैप्पी हरदा के डायरेक्टर उमेश शर्मा ने व्यक्त किया। समापन पर डॉ. पाराशर ने उपस्थित सभी लोगों को स्वदेशी अपनाने तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का सामूहिक संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर ओमप्रकाश राठौर, राजेश दीक्षित, महेंद्र पटेल, ओम शुक्ला, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित मीरा शर्मा, गायत्री परिवार, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।