चोरी-लूट, बंद सीसीटीवी, गौवंश हत्या, बिजली कटौती, रेलवे गेट सहित कई मुद्दे उठाए
टिमरनी। नगर में लगातार बढ़ रही चोरी-लूट की घटनाओं,सार्वजनिक स्थानों पर बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों, गौवंश हत्या, बिजली कटौती सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस संगठन द्वारा जिला प्रशासन एवं एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि टिमरनी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार चोरी एवं लूट की वारदातें सामने आ रही हैं। इससे आम नागरिकों में भय का माहौल है और पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। कांग्रेस ने चोरी-लूट की घटनाओं में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
तीन साल से बंद कैमरे, फिर सुरक्षा कैसी?
ज्ञापन में गांधी चौक एवं स्टेशन चौराहे सहित सार्वजनिक स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के लंबे समय से बंद होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नगर परिषद द्वारा वर्ष 2024 में कैमरे सुधारने का प्रस्ताव लिए जाने के बावजूद आज तक कैमरे दुरुस्त नहीं हुए हैं। ऐसे में शहर में होने वाली वारदातों के बाद आरोपियों तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौती बन रहा है। ज्ञापन में कैमरों को तत्काल चालू कराने की मांग की गई।
40 लाख की जीआई पाइप और 19 लाख के ट्रैक्टर-मड पंप पर उठाए सवाल
कांग्रेस ने नगर परिषद द्वारा लगभग 40 लाख रुपए की जीआई पाइप तथा 19 लाख रुपए के ट्रैक्टर एवं मड पंप खरीदे जाने का मामला भी उठाया। ज्ञापन में इन खरीदारियों में कथित वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की शिकायतों का उल्लेख करते हुए जांच में दोषी पाए गए जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।
रेलवे गेट 208 बंद होने से हजारों लोगों की परेशानी का मुद्दा
ज्ञापन में टी आकार के पुल निर्माण के चलते पोखरनी रोड जाने वाले रेलवे गेट क्रमांक 208 को बंद किए जाने के प्रस्ताव पर भी आपत्ति जताई गई। कांग्रेस ने कहा कि गेट बंद होने से वार्ड क्रमांक 01 एवं 02 की लगभग 7 हजार आबादी तथा टिमरनी क्षेत्र के करीब 30 गांवों का संपर्क प्रभावित होगा। मंडी व्यापार, स्कूली विद्यार्थियों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। कांग्रेस ने वैकल्पिक व्यवस्था करने तथा हरदा की ओर मंडी रोड के सामने स्थित रेलवे गेट को शुरू करने की मांग की।
छिदगांव में गौवंश हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
ज्ञापन में कुछ माह पूर्व ग्राम छिदगांव में पांच गौवंश की हत्या कर रेलवे ट्रैक पर बांध दिए जाने की घटना का उल्लेख करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई। कांग्रेस ने कहा कि मामले में अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से आमजन में आक्रोश है।
बिजली कटौती पर भी जताई नाराजगी
कांग्रेस ने टिमरनी नगरीय क्षेत्र में मेंटेनेंस के नाम पर बार-बार की जा रही विद्युत कटौती का मुद्दा भी उठाया। ज्ञापन में कहा गया कि लगातार बिजली बंद रहने से आम नागरिक परेशान हैं और विद्युत व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है कांग्रेस ने प्रशासन से सभी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई, बंद सीसीटीवी कैमरों को तत्काल चालू कराने, चोरी-लूट के आरोपियों की गिरफ्तारी, गौवंश हत्या के मामले में कार्रवाई, नगर परिषद की खरीदारियों की जांच, रेलवे गेट को लेकर वैकल्पिक व्यवस्था तथा विद्युत कटौती की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई कि जनसमस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं हुआ तो कांग्रेस संगठन जनता के साथ मिलकर आंदोलनात्मक कदम उठाएगा।
ज्ञापन सौंपते समय जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं, विधानसभा प्रभारी इंद्रसेन देशमुख, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष जायसवाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद पटेल, रामदीन पटेल, विधायक प्रतिनिधि ओम मिश्रा, महेंद्र सिंह राजपूत, शैंकी उपाध्याय, रितु सोलंकी, कांग्रेस नेता राकेश तिवारी,रमेश तिवारी, राजेंद्र नागरे, विष्णु टेलर, दीपक जैन, राजेश नाथ, मनवीर रघुवंशी, दिनेश विश्कर्मा, आदित्य पटेल, जितेंद्र सोनकिया, राहुल जायसवाल, संजय पवार, धर्मेंद्र जसपाल, प्रताप सिंह राजपूत, पीयूष चाचरे, प्रकाश चाचरे, गिरीश घुरे, सहित अनेक कांग्रेस जन मौजूद रहे।