पुनासा एसडीएम ने की कार्रवाई, बार-बार निर्देश के बाद भी नहीं सुधरी प्रगति
खंडवा/पुनासा। फार्मर रजिस्ट्री के काम में लापरवाही बरतना चार पटवारियों को भारी पड़ गया। निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा नहीं करने और लगातार कम प्रगति मिलने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो पटवारियों को निलंबित कर दिया, जबकि दो अन्य के वेतन आहरण पर रोक लगा दी गई। पुनासा एसडीएम पंकज वर्मा ने कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग के मैदानी अमले में हड़कंप मच गया है।
एसडीएम पंकज वर्मा के अनुसार फार्मर रजिस्ट्री के कार्य की लगातार समीक्षा की जा रही थी। बैठकों में पटवारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य तेजी से पूरा करने और निर्धारित समय सीमा का पालन करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कुछ क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिली। समीक्षा के बाद जिम्मेदार पटवारियों पर कार्रवाई की गई।
दो को निलंबित, दो के वेतन पर रोक
फार्मर रजिस्ट्री के काम में लापरवाही पाए जाने पर पटवारी पलक गौतम और मुकेश कलम को निलंबित किया गया है। वहीं अशोक अत्रे और अनोप सिंह ठाकुर के वेतन आहरण पर रोक लगाने के आदेश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरकारी प्राथमिकता वाले कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लगातार हो रही थी निगरानी
फार्मर रजिस्ट्री शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में शामिल है। इसे लेकर जिला और अनुविभाग स्तर पर लगातार समीक्षा बैठकें हो रही हैं। अधिकारियों द्वारा पटवारियों की प्रगति की नियमित निगरानी की जा रही है। इसके बावजूद लक्ष्य के अनुरूप काम नहीं होने पर अब कार्रवाई का सिलसिला शुरू हो गया है।
सभी एसडीएम को समय सीमा में काम कराने के निर्देश
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने जिले के सभी एसडीएम को फार्मर रजिस्ट्री का काम प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का लक्ष्य अधिक से अधिक किसानों की जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज करना है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आगे भी समीक्षा में जिन पटवारियों की प्रगति कमजोर मिलेगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।