टिमरनी-सिराली पुलिस की तत्परता से बाइक मालिक को मिली राहत, चोर वाहन छोड़कर भागा
टिमरनी। बस स्टेशन क्षेत्र में रिद्धि-सिद्धि सुपर बाजार के सामने से दिनदहाड़े चोरी हुई बाइक को टिमरनी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बरामद कर लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की गतिविधियों का पता लगाया और चोरी की बाइक का पीछा करते हुए उसे सिराली थाना क्षेत्र के एक गांव तक पहुंचाया। पुलिस की सक्रियता देख चोर बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, रिद्धि-सिद्धि सुपर बाजार के सामने खड़ी प्रखर जैन की बाइक को अज्ञात व्यक्ति दिनदहाड़े चोरी कर ले गया था। बाइक चोरी होने की जानकारी मिलने पर वाहन मालिक ने तत्काल टिमरनी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले में पुलिस ने टीम गठित कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस ने चोरी गई बाइक की तलाश शुरू की। जांच के दौरान बाइक के सिराली थाना क्षेत्र की ओर जाने की जानकारी मिली। इसके बाद टिमरनी पुलिस ने सिराली पुलिस के सहयोग से बाइक का पीछा किया।
पुलिस की सक्रियता के चलते चोर सिराली थाना क्षेत्र के एक गांव में बाइक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बाइक को बरामद कर विधिवत जब्ती की कार्रवाई की और बाद में वाहन मालिक प्रखर जैन को बाइक सुपुर्द कर दी।
बाइक वापस मिलने पर प्रखर जैन ने पुलिस की तत्परता और कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए टिमरनी एवं सिराली पुलिस का आभार जताया और धन्यवाद दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन मालिक को राहत मिली।