पेट्रोल पंप के पास बस का इंतजार कर रहे दो युवकों से मारपीट कर 2 हजार रुपए छीने, बाइक सवार आरोपी फरार
हरदा। शहर का छिपानेर रोड इन दिनों असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा बनता जा रहा है। खासकर छिपानेर शराब दुकान के आसपास सुबह से देर रात तक नशेड़ियों की मौजूदगी राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। आए दिन मारपीट, लूटपाट और चोरी जैसी घटनाओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। ताजा मामला शनिवार रात का है, जहां काम से घर लौटने के लिए बस का इंतजार कर रहे दो युवकों के साथ मारपीट कर नकदी छीन ली गई।
जानकारी के अनुसार, रहटगांव क्षेत्र से हरदा के एक ढाबे पर काम करने आए दो युवक शनिवार रात करीब 11:30 बजे अपना काम खत्म कर घर लौटने के लिए छिपानेर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर दो युवक वहां पहुंचे और दोनों से पैसों की मांग करने लगे। युवकों ने जब पैसे देने से मना किया तो बाइक सवार बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और कथित तौर पर 2 हजार रुपए छीनकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित युवकों ने डायल 112 पर फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस सहायता वाहन मौके पर पहुंचा, जहां आरक्षक को युवकों ने अपने साथ हुई पूरी घटना बताई।
शराब दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा
स्थानीय लोगों के अनुसार छिपानेर शराब दुकान के आसपास यह कोई नई स्थिति नहीं है। यहां सुबह से ही नशे में धुत लोगों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है। दिनभर आम रास्ते से गुजरने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आरोप है कि नशे की हालत में कुछ असामाजिक तत्व राहगीरों के साथ विवाद, मारपीट और लूटपाट जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं।
पुलिस गश्त और सख्त कार्रवाई की मांग
लगातार सामने आ रही घटनाओं ने छिपानेर रोड से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रात के समय इस मार्ग से गुजरने वाले मजदूरों, राहगीरों और यात्रियों में असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से शराब दुकान के आसपास नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर निगरानी रखने और रात के समय विशेष पुलिस व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि छिपानेर रोड को अपराधियों और असामाजिक तत्वों के आतंक से मुक्त कराया जा सके।