हर वर्ष बेटी की उम्र के बराबर पौधे लगाने का लिया संकल्प, स्कूल परिसर और फार्महाउस में किया पौधारोपण
हरदा। बेटी के जन्मदिन को यादगार बनाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से हरदा निवासी सोनल कुमार बंसल ने प्रेरणादायी पहल की है। उन्होंने संकल्प लिया है कि अपनी पुत्री काव्या के प्रत्येक जन्मदिन पर उसकी आयु के बराबर पौधे लगाएंगे।
इसी संकल्प के तहत पिछले वर्ष काव्या के 9वें जन्मदिन पर 9 पौधे लगाए गए थे। इस वर्ष उसके 10 वर्ष पूर्ण होने पर 10 पौधों का रोपण किया गया। इनमें से पौधे फाउंडेशन ऑफ एजुकेशन मदर्स लैप स्कूल परिसर में श्री जय सर एवं प्रीति मैडम की उपस्थिति में लगाए गए। इसके अलावा कुछ पौधे परिवार के फार्महाउस 'माधव वाटिका' में भी रोपे गए।
सोनल कुमार बंसल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल जन्मदिन मनाना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। यह पहल समाज के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण है, जो जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने का संदेश देती है।