पटवारी संघ प्रांताध्यक्ष उपेन्द्र बघेल का कहना है कि वर्षों से लंबित कैडर रिव्यू, नियमित पदोन्नति और सेवा संबंधी अन्य मांगों के निराकरण के लिए शासन स्तर पर लगातार आग्रह किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इसी कारण संगठन ने लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया है।
संघ के अनुसार तीन दिवसीय सामूहिक अवकाश के दौरान प्रदेशभर में राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो सकते हैं। इसके बावजूद संगठन का कहना है कि यह आंदोलन किसी टकराव के लिए नहीं, बल्कि कर्मचारियों के न्यायोचित अधिकारों की मांग को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
पटवारी संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार जल्द सकारात्मक पहल कर मांगों का निराकरण नहीं करती है, तो आंदोलन के आगामी चरणों की घोषणा भी की जाएगी। संगठन ने सभी पटवारियों से अपील की है कि वे एकजुटता बनाए रखते हुए आंदोलन को सफल बनाएं।
संघ का कहना है कि कैडर रिव्यू और समयबद्ध पदोन्नति केवल कर्मचारियों के हित का विषय नहीं है, बल्कि इससे राजस्व प्रशासन की कार्यक्षमता और आम नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर के पटवारी अपने अधिकारों की मांग को लेकर सामूहिक रूप से आंदोलन में शामिल हो रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ